Posts

Showing posts from February, 2022

चुनावी राग में बसन्त

इस बार फ़रवरी में  अपना प्रदेश करने पूरे  21 बसंत जा रहा है, बाली है उमरिया  दहलीज़ पर 22 की  चुनावी गीत प्रजातंत्र गा रहा है ॥ कोंपल बदल रही है, शाखें वही पुरानी, जिसको देखो अन्यत्र जा रहा है॥ चालें सभी पुरानी  टोटके नए चलेंगे, कुरसी को जो बचाये  वहीं मंत्र भा रहा है॥ मत वालों से कह दो  सँभालकर बटन दबाएँ, चुनावी राग में झूमता  बसंत आ रहा है । बीना जोशी 'हर्षिता'

नोकझोंक: 14 फरवरी 2022

एक भारतीय पत्नी ने सुबह-सुबह ही आदेश सुनाया, "अजी सुनते हो, मैंने कहा आज मेरा वैलेंटाइन डे का व्रत है, शाम को लौटते हुए कुछ चॉकलेट, टेडी बियर और कुछ अच्छे से तोहफे ले आना चढ़ावे के लिए।" पति महोदय ने तुरंत उत्तर दिया, " सॉरी डार्लिंग, मैं यह सारी चीजें नहीं ला  पाऊंगा क्योंकि मुझे आज प्रजातंत्र के यज्ञ में शामिल होना है, देर हो जाएगी, आखिरी आहुति देकर ही आऊंगा; और फिर उन देवताओं की महा आरती में भी तो सम्मिलित होना है जिनके सच्चे प्रेम और बलिदान के कारण मां भारती गर्व से विश्व के समक्ष सर उठाकर चल पाती है।" बीना जोशी 'हर्षिता'